जीवो का शरीर एक या अनेक कोशिकाओं (Cells) से मिलकर बना होता है अर्थात कोशिका शरीर की संरचनात्मक (Structural), क्रियात्मक (Functional), एवं अनुवांशिक (Heredity), इकाई है। कोशिकाओं का वह समूह, जो उत्पत्ति, संरचना एवं कार्य में समान होता है, ऊतक (Tissue) कहलाता है। ऊतक मिलकर जीवों के अंगों (Organs) का निर्माण करते हैं। विभिन्न अंगों से मिलकर अंग तंत्र (Organ System) का निर्माण होता है। अंतत: समस्त अंग तंत्र मिलकर पूरे शरीर (जीव) का निर्माण करते हैं।
जीवों के शारीरिक संगठन के इस क्रम को निम्न प्रकार से प्रदर्शित कर सकते हैं –
कोशिका (cell) से मिलकर ऊतक (tissue) बनते है,
ऊतक से मिलकर अंग (organ) बनते हैं,
अंग से मिलकर अंग तंत्र (organ system) बनते हैं,
और अंग तंत्र से मिलकर जीव (organism) बनते है।